राघवन रघुनंदन के स्वास्थ्य लाभ को लेकर रजरप्पा में एचएमएस कार्यकर्ताओं ने किया हवन-पूजन
मजदूर आंदोलन को मजबूती देने के लिए उनका स्वस्थ रहना जरूरी : सुरेश पासवान
रिपोर्ट - अनमोल कुमार/राजन मिश्रा, 19 दिसंबर 2025
रामगढ़- एचएमएस से संबद्ध कोलफील्ड मजदूर यूनियन के महामंत्री राघवन रघुनंदन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर बुधवार को यूनियन प्रतिनिधियों ने सिद्धपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर प्रांगण में हवन-पूजन का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान मां छिन्नमस्तिका की विधिवत पूजा-अर्चना कर उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की गई। हवन का कार्य पुजारी सुधाकर मिश्र एवं सुकदेव ग्रहाचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया। यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपने नेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित संयुक्त बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं एचएमएस के राष्ट्रीय सचिव सुरेश पासवान ने कहा कि कोलफील्ड मजदूर यूनियन के महामंत्री राघवन रघुनंदन इन दिनों अस्वस्थ हैं और कोलकाता में उनका सफल ऑपरेशन हुआ है। राघवन रघुनंदन का नेतृत्व मजदूर हितों की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में नए लेबर कोड के लागू होने से मजदूरों के अधिकारों पर खतरा मंडरा रहा है, ऐसे में राघवन रघुनंदन जैसे अनुभवी नेता की भूमिका और भी अहम हो जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि माता छिन्नमस्तिका की कृपा से वे शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः संगठन और मजदूरों के बीच सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सुरेश पासवान ने कहा कि एक ओर उनका इलाज जारी है, वहीं दूसरी ओर संगठन के लोग माता रानी से प्रार्थना कर रहे हैं कि वे उन्हें शीघ्र स्वस्थ करें, ताकि वे फिर से उसी ऊर्जा के साथ मजदूरों की हक की लड़ाई लड़ सकें। कार्यक्रम में सीसीएल सेफ्टी बोर्ड के सदस्य रंजीत पांडेय, रजरप्पा क्षेत्रीय अध्यक्ष सीडी सिंह, केंद्रीय सचिव उदय सिंह, एचएमएस बिहार के अध्यक्ष नागेश्वर सिंह, अशोक गुप्ता, रामाकांत दुबे, मुकेश कुमार, सुरेंद्र शर्मा, विनय कुमार सिंह, खुशीलाल महतो, कमलेश कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।


Post A Comment: