बक्सर - मोहनियां स्टेट हाईवे पर लगभग 3 फीट पानी चढ़ा, बाढ़ से कई गांवों का हाल बेहाल
राजन मिश्रा / हिमांशु शुक्ला
बक्सर - बक्सर में बाढ़ की विकराल स्थिति ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बक्सर-मोहनिया स्टेट हाइवे पर तीन फीट से अधिक पानी चढ़ गया है। इसके कारण प्रशासन द्वारा वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। पथ निर्माण विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से सड़क को बांस-बल्ला लगाकर पूरी तरह बैरिकेडिंग कर दी गई है।
चौकीदार की तैनाती कर वहां से किसी भी वाहन के गुजरने पर पाबंदी लगाई गई है। स्थानीय प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने की कोशिश कर रहे हैं।
चौसा अंचलाधिकारी उद्धव मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ के पानी को हल्के में न लें। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को इस पानी में मस्ती करने से रोकने को कहा है। मौके पर मस्ती कर रहे कुछ बच्चों को भगाया भी गया।
वाहनों के संचालन पर रोक लगने के बाद निजी नाव चालक मौके पर सक्रिय हो गए हैं। ये नावें लोगों के साथ-साथ उनकी बाइकों को भी पार कराने का काम कर रही हैं। इसके लिए प्रति व्यक्ति 10 रुपये और एक बाइक के 50 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। यह तरीका और भी खतरनाक है। इनमें से अधिकतर नावों के पास कोई निबंधन या सुरक्षा परमिट नहीं है।
बक्सर-मोहनिया स्टेट हाइवे पर आवागमन बंद
अंचलाधिकारी उद्धव मिश्रा ने बताया कि बिना निबंधन वाली नावों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। साथ ही बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नदी में मछली मारने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। बाढ़ के कारण बक्सर-मोहनिया स्टेट हाइवे पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
मोहनिया की ओर जाने वाले लोगों को अब वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। इससे उनका सफर करीब 10 से 12 किलोमीटर लंबा हो गया है। लोग अब कोचस रोड होते हुए सरेंजा से चौबे की छावनी होकर मोहनिया पहुंच रहे हैं या सीधे कोचस से मोहनिया की ओर जा रहे हैं।
लगातार रखी जा रही निगरानी
प्रशासन द्वारा सरकारी निबंधन वाली नावों की व्यवस्था की जा रही है, जो केवल ग्रामीणों को पार कराने का कार्य करेंगी। इन नावों की सवारी पूरी तरह निःशुल्क होगी। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक जोखिम न उठाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
साथ ही किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें। बक्सर जिले में बाढ़ की यह स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है और आम जनजीवन पर इसका व्यापक असर देखा जा रहा है।




Post A Comment: