कलयुगी बहन ने संपत्ति के लिए भाई की जान ली, पति भी है शामिल


गणेश पांडे / दीपक चौबे 12 मार्च 2024

बक्सर -यह कैसा कलयुग आ गया है ?  जिस भाई की कलाई पर राखी बांध बहन अपनी रक्षा की बचन लेती है महज जमीन के चंद टुकड़े के लालच में सोमवार को एक बहन ने ही अपने पति के साथ मिल  इकलौते जवान भाई को मौत के घाट उतार डाला। उसे इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी ने ननद नन्दोई के अलावा ससुर सहित सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए  हत्यारोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है।

जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबही गांव की घटना बहुत कुछ सोचने पर मजबूर कर देने वाली है। घटना के सम्बन्ध में प्राप्त  जानकारी के अनुसार इस गांव के रहने वाले रामायण सिंह को एक बेटा और एक बेटी है। वे अपनी संपत्ति में हिस्सा अपनी शादीशुदा बेटी वंदना को भी देना चाहते थे। इकलौता बेटा लालबाबू 42 इसका विरोध करता था। वंदना की शादी शहर के सुमेश्वर स्थान निवासी ओमवीर सिंह के साथ हुई है। संपत्ति के लोभ में बहन और भाई के बीच विवाद चल रहा था। बीते सोमवार की शाम वंदना अपने पति के साथ धोबही पहुंची। इसके बाद लाल बाबू के साथ मारपीट हुई। उसे बुरी तरह पीटा गया। गंभीर स्थिति में रात में ही धनसोई ले जाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, यहां भी डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पिटाई से जख्मी लालबाबू की मौत हो गई। इसके बाद तो उसके घर में कोहराम मच गया। पत्नी विजयलक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल था। बहुत कम उम्र में ही पति का साथ छूट गया। सबसे बड़ा दुख कि विजयलक्ष्मी के पति को उनके सगे बहन-बहनोई ने ही मार डाला। उसके मुताबिक दोनों के अलावा चाचा और उनके लड़कों ने भी लालबाबू को खूब पीटा। असमय पति को खो चुकी विजयलक्ष्मी ने वंदना और उसके पति के साथ ही लालबाबू के पिता समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाई की हत्यारोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है।धनसोई थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश ने बताया कि पत्नी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज करते हुए मृतक की बहन वंदना को गिरफ्तार कर लिया गया है जिससे आवश्यक पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share To:

Post A Comment: