बक्सर की प्रमुख ख़बरें 

राजन मिश्रा / हिमांशु शुक्ला, 20 मार्च 2024

थर्मल पावर प्लांट पर किसान - पुलिस की झड़प दोनों और के लोग घायल

बक्सर - चौसा थर्मल पावर प्लांट गेट पर 11 सूत्री मांगों को लेकर किसानों का चल रहे धरना को बुधवार के दिन प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान भारी संख्या में पहुंचकर किसानों को धरना स्थल से हटाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर प्रदर्शनकारी किसान एवं पुलिस बलों के बीच हुई झड़प में सदर डीएसपी  के साथ कई किसान एवं पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। ज्ञात हो की पिछले कई दिनों से थर्मल पावर प्लांट के मुख्य गेट पर किसान अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर दिन-रात धरने पर बैठे हुए हैं। जिसको लेकर पटना उच्च न्यायालय के तरफ से जारी निर्देश के बाद एसडीएम धीरेंद्र मिश्र ने धारा 144 को लगाते हुए वहां धरना नहीं देने के लिए निर्देश दिया था। बावजूद किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। इसी आदेश को पालन करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के जवानों के साथ पहुंचकर प्रदर्शनकारी किसानों को गेट के पास से हटाने का प्रयास किया। जिससे किसान काफी उग्र हो गए और पत्थर फेंकने लगे। जिसके जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी लाठियां भांजना शुरू कर दिया।  जिसमें कई किसान चोटिल होकर गिर पड़े। पत्थर बाजी से कई पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। इस झड़प के बाद किसानों ने पुलिस की एक गाड़ी में आग भी लगा दिया है। धरना स्थल पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई है।विदित हो कि कंपनी की शिकायत पर हाईकोर्ट ने मामले को संज्ञान में लिया था. चौसा में चल रहे निर्माणाधीन पावर प्लांट के मुख्य गेट पर काम प्रभावित न हो इसके लिए प्रशासन को समन्वय स्थापित करने के लिए निर्देश दिया था। इसके बाद से जिला के वरीय अधिकारियों कंपनी के अधिकारी एवं किसानों के साथ कई बार सकारात्मक पहल करने के लिए बैठक की गई। फिर भी बात नहीं बनी। फिलहाल शांति व्यवस्था कायम करने के लिए मुफस्सिल, राजपुर एवं कई थानों की पुलिस वहां कैंप कर रही है।

दो लोगों ने लगाया फांसी 

बक्सर - बक्सर अनुमंडल अंतर्गत दो अलग अलग थाना क्षेत्र में महज 12 घंटे के अंतराल पर महिला समेत वृद्ध द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला सामने आया है। पहली घटना आद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरौली मोड़ की है और दूसरी घटना महदह बरैया डेरा के समीप खेत में।  पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।

घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के बुधवार की सुबह महदह के समीप बरैया डेरा के समीप खेत में पेड़ में एक व्यक्ति का लटका हुआ शव स्थानीय लोगों ने देखा। शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई।स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की पहचान नही हो पाई है। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष के आसपास है। मृतक साफ- सुथरा कपड़ा पहने हुए है। वृद्ध का शव पेड़ की टहनी से लटकता मिला है जो घुटने तक मुड़ा हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है। पुलिस घटना को हत्या और आत्महत्या की विंदू पर जांच कर रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया की एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया है देखने से प्रतीत होता है की फांसी लगाकर आत्महत्या की गई है। पुलिस शव के पहचान में जुटी हुई है।

वहीं दूसरी तरफ औद्योगिक थाना क्षेत्र में अहिरौली मोड़ के समीप सिमरी थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर निवासी अमित सिंह अपनी पत्नी कृति कुमारी के साथ किराए के मकान में रहते थे। अमित फौज में नौकरी करते हैं। मंगलवार की रात करीब 9 बजे कृति ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि अमित की शादी 2017 में हुई थी। शादी के बाद बच्चा नहीं होने से कृति मानसिक अवसाद में थी। घटना की सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औद्योगिक थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

राजद विधायक के घर ईडी का छापा

बक्सर - राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के करीबी जिले के ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक शंभूनाथ यादव के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) ने बुधवार को अहले सुबह से रेड शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह पांच बजे भारी संख्या में केंद्रीय बलों के नेतृत्व में ईडी की टीम ने उनके पैतृक आवास चक्की स्थित उनके फ्लोर मिल सहित कुल 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चला रही है।

छापेमारी में उनके रिश्तेदारों तथा करीबियों के ठिकाने भी शामिल है। जानकारी के अनुसार चक्की के साथ ही बिहटा, पटना आवास, खरहाटांड़ नया भोजपुर तथा बक्सर के जासो रोड में समेत कुल 13 जगह पर छापेमारी की कार्रवाई जारी है। हालांकि, ईडी के अधिकारी अभी कुछ बताने से परहेज कर रहे हैं। बता दे की शंभू यादव ब्रह्मपुर विधानसभा से पिछली दो बार से चुनाव जीतते आ रहे हैं। उन्हें लालू परिवार का बेहद कर भी माना जाता है। जानकारी के अनुसार जिस वक्त लालू यादव के खिलाफ चारा घोटाला का मामला शुरू हुआ था उसे समय तक यह उनके बाड़ी गार्ड रहे हैं। एक मामूली से सिपाही से करोड़ो रुपए के फ्लोर मिल, होटल समेत अकूत संपत्ति अर्जित करने की सूचना प्रवर्तन निदेशालय को मिली थी। इसी के आलोक में ईडी द्वारा छापेमारी की जा रही है। छापेमारी शुरू होते ही राजनीतिक गलियारे में इसकी चर्चा तेज हो गई है। 

खेलने के दौरान 10 वर्षीय बालक कुएं में गिरा, मौत

बक्सर - खेलने के दौरान दस वर्षीय बालक कुएं में जा गिरा। घर वालों को जब तक इसकी भनक लगी। उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मुफस्सिल थाना के पंडितपुर गांव की है। मृतक बालक का नाम उपेन्द्र पांडेय था। जो इस गांव के निवासी चुमन पांडेय का पुत्र था। ग्रामीणों ने बताया कुछ बच्चे कुएं के पास खेल रहे थे।इसी दौरान वह अंदर जा गिरा। साथी बच्चे कुछ नहीं कर पाए। यह बात गांव वालों और घर वालों को पता चली तो सभी भागे-भागे आए। बड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार यह चुमन पांडेय का दूसरा व छोटा पुत्र था। उसकी मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन को चाहिए कि इस परिवार को मदद मुहैया कराए।

Share To:

Post A Comment: