संसदीय क्षेत्र में 1 लाख अन्न पैकेट वितरण करने का है लक्ष्य:  अश्विनी चौबे


राजन मिश्रा / कपिल तिवारी

बक्सर, 8 सितंबर 2021


केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि दुनिया भर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की तारीफ हो रही है। दुनिया की सबसे बड़ी यह अन्न  योजना है। पूरे भारत में 80 करोड़ से अधिक आबादी इस योजना के तहत लाभान्वित हो रहे हैं। बिहार में आठ करोड़ से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।  पार्टी कार्यकर्ताओं  एवं अन्य सामाजिक संगठनों  के माध्यम से एक लाख पैकेट संसदीय क्षेत्र में वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसकी शुरुआत कुछ दिन पूर्व दिनारा व डुमराव विधानसभा क्षेत्र में किया था। इसका मकसद इसके लाभुकों से बातचीत कर उनका अनुभव जानना है।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लाभुकों को अनाज वितरण कर रहे थे। उन्होंने लाभुकों से बात की। उनका अनुभव जाना। बिहार के अन्य जिलों में भी केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे उक्त अन्न योजना के तहत राज्य के भ्रमण के दौरान पैकेट का वितरण कर लाभुकों से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक राशन कार्ड के तहत बिहार वासी दूसरे राज्यों में भी इसका लाभ उठा रहे हैं। दिल्ली भी इस योजना में जुड़ गया है। इससे अपने बिहार के लोग जो दिल्ली में रहते हैं। उन्हें काफी लाभ मिल रहा है। धान का कटोरा शाहाबाद के क्षेत्र में भारत पहला चावल का साइलो गोदाम देने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। भारत का पहला चावल का साइलो गोदाम बक्सर, इटाढ़ी के बैरी और कैमूर, मोहनिया के सोंधियारा में बनेगा।  इसके शुरू होने से किसानों को काफी लाभ मिलेगा।यह गोदाम 11 एकड़ में बनेगा, जिसकी लागत 33 करोड़ रुपये अनुमानित है। इस गोदाम की क्षमता 12,500 मैट्रिक टन की होगी। इन दोनों स्थानों पर गेहूं का 37,500 मैट्रिक टन क्षमता वाला  साइलो गोदाम भी बनेगा। इसे पूरी तरह वैज्ञानिक तरीके से बनाया जाएगा। गोदाम में रखा गया अनाज वर्षों बाद भी खराब नहीं होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने गौरीशंकर मंदिर पोखरा के जीर्णोद्धार के लिए भी 50 लाख की योजना तैयार करने को कहा है। यह मंदिर आध्यात्मिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। इसका जिक्र कई पौराणिक किताबों में मौजूद है। आध्यात्मिक एवं पर्यटन के रूप से यह विकसित हो इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे बक्सर से भागलपुर कहलगांव के लिए रवाना हो गए, जहां वे गुरुवार को बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह के अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Share To:

Post A Comment: