बक्सर की प्रमुख ख़बरें 

राजन मिश्रा / हिमांशु शुक्ला, 15 फरवरी 2024

रेलवे मंत्रालय ने बक्सर जिले को दिया नया उपहार

बक्सर - रेलवे मंत्रालय ने बक्सर जिले को नया उपहार दिया है। तीन ट्रेनों के ठहराव की अनुमति दी गई है। आज शुक्रवार जारी की गई अधिसूचना के अनुसार बक्सर स्टेशन पर अब इंदौर पटना एक्सप्रेस 19313/14, रघुनाथपुर में 13201/13202 लोकमान्य तिलक व चौसा में 12333/12334 हावड़ा-प्रयागराज विभूति के ठहराव को अनुमति मिली है।

इसके अलावा बक्सर लोकसभा क्षेत्र में आने वाले कर्मनाशा स्टेशन पर भी राजगीर वाराणसी एक्सप्रेस के ठहराव को मंजुरी मिली है। इसको लेकर यात्रियों में खुशी है। क्योंकि चौसा व रघुनाथपुर जैसे ग्रामीण हलके के स्टेशनों पर हुई यात्री सुविधा की बढ़ोत्तरी से स्टेशन गुलजार होंगे। रेलवे मंत्रालय का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। ऐसी जानकारी मिली है। इसकी सूचना मीडिया को देते हुए सांसद सह केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि हम इसके लिए प्रधानमंत्री जी एवं रेलवे मंत्री को धन्यवाद देते हैं


हत्या करने जा रहे युवक की गिरफ्तारी

बक्सर - नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हार टोली के एक युवक को अपनी प्रेमिका को किसी और के साथ बात करना नागवार लगा जिसके बाद उसने उक्त युवक की हत्या की योजना बनायी। जिसकी भनक नगर थाना को लग गयी और पुलिस  तत्परता दिखाते हुए उस युवक को पिस्टल के साथ गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर लिया गया।इस सम्बन्ध में एसपी मनीष कुमार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर जानकारी दी की नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली के रहने वाले भुवनेश्वर प्रसाद के पुत्र राजा बाबू द्वारा किसी युवक की हत्या की फ़िराक में है और नमक रेस्टोरेंट के पास खड़ा है। सुचना की सत्यता की जाँच की गयी जिसके पश्चात टीम गठित कर नगर थाना के एएसआई जयप्रकाश कुमार मौके पर थाना के सशत्र बल के साथ पहुंचे। पुलिस को देख युवक भागने लगा जिसे टीम द्वारा दौड़कर पकड़ लिया गया। जिसकी तलाशी ली गयी जिसके पास से लोडेड पिस्टल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान उसने बताया की हमारी प्रेमिका से एक युवक बात करता है जिसकी हत्या करने जा रहे थे।  वही नगर  थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।  छापेमारी के दौरान टीम में डीएसपी धीरज कुमार, नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार, पुलिस निरीक्षक डीआईयू राकेश कुमार, डीआईयू प्रभारी युसूफ अंसारी, एएसआई नगर थाना जयप्रकाश कुमार व सशत्र बल शामिल रहे।

 पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत टीम गठित किया गया

बक्सर - बक्सर पुलिस द्वारा चोरी और लुटे हुए मोटरसाइकिल की बरामदगी को लेकर ऑपरेशन मुस्कान के तहत टीम गठित किया गया है। टीम द्वारा गुरुवार को तीन चोरी के मोटरसाइकिल और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस सम्बन्ध में शुक्रवार को एसपी मनीष कुमार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर जानकारी देते हुए बताए हैं कि  टीम द्वारा छापेमारी के क्रम में शुक्रवार को चौसा बारे के स्व. रविंद्र खरवार के पुत्र राहुल खरवार को चोरी के एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया था।  जिसकी निशानदेही पर इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हकीमपुर गांव से विनोद साह के पुत्र सूरज गुप्ता को गिरफ्तार  किया गया।  जिसके पास से दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी। वही इन दोनों से पूछताछ कर गिरोह के बारे में जानकारी ली जा रही है। छापेमारी के दौरान टीम में सदर डीएसपी धीरज कुमार, नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार, पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार, डीआईयू प्रभारी युसूफ अंसारी के अलावा डीआईयू की टीम शामिल रही।


पिछले चार दिन से लापता शव बरामद 

बक्सर - पिछले चार दिन पहले लापता हुए 30 वर्षीय युवक का शव गुरुवार को स्थानीय गांव के पास नहर से बरामद हुआ है। उसका शव पानी से लबालब भरे नहर में उतराया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजा। मृतक की पहचान खैरही गांव के लक्ष्मण सिंह के 30 वर्षीय पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में की गई है।

इस सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रविवार की शाम को घर से खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। जब वह रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोज बिन शुरू किए। संभावित जगह तथा रिश्तेदारी में भी पता लगाया गया लेकिन कही भी उसकी जानकारी नहीं मिल सकी थी। इसी बीच गुरुवार को नहर में शव मिलने की सूचना पर उसके परिजन दौड़े भागे वहां पहुंचे और शव की पहचान महेंद्र के रूप में कर विलाप करने लगे। ग्रामीणों की माने तो उसे वर्ष पहले मृतक एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी सुस्त रहता था। मृतक शादीशुदा था तथा उसके चार बच्चे भी है।परिजनों ने बताया की उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने मायके गई हुई थी, इसी बीच यह अनहोनी हो गई। कोरान सराय थानाध्यक्ष अभय सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजन अभी तक इस मामले में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराए हैं। 

जिला पदाधिकारी ने कराया शराब विनष्टीकरण 

बक्सर - शुक्रवार को शहर के बाजार समिति परिसर में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल की उपस्थिति में जिला अंतर्गत बक्सर अनुमंडल एवं उत्पाद थाना द्वारा विभिन्न कांडों में जब्त (विभिन्न थानों से प्राप्त) लगभग 20,000 लीटर शराब, जिसका बाजार मूल्य लगभग 1.75 करोड़ से अधिक है, का विनष्टीकरण कराया गया। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएम के निर्देशानुसार उत्पाद विभाग और जिले के समीपवर्ती राज्य उतर प्रदेश से सटे थानों द्वारा लगातार जाँच किया जाता है और हर महीने करोड़ों रूपये की शराब पकड़ी जाती है।  जिन्हे विनिष्टीकरण किया जाता है।  इसी कड़ी में  शुक्रवार को लगभग 20,000 लीटर शराब जिसमे उत्पाद विभाग से 18000 लीटर शराब एवं डुमराव अनुमंडल के विभिन्न थानों से 2000 लीटर शराब क) विनष्टीकरण किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र मिश्रा, बक्सर उत्पाद अधीक्षक दिलीप कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, विधि शाखा एवं अन्य उपस्थित रहे। 

किसानों ने थर्मल पावर कंपनी के खिलाफ नग्न प्रदर्शन किया

बक्सर - चौसा में थर्मल पॉवर प्लांट से प्रभावित किसानों ने गुरुवार को जिला प्रशासन और कम्पनी के खिलाफ नग्न धडंग प्रदर्शन किया। बीते 20 फरवरी से प्लांट के मुख्य गेट के समक्ष धरना दे रहे  सभी किसानों ने अपना अपना कपड़ा खोल अर्द्धनग्न हो गए। उसके बाद गेट के पास खड़े होकर जमकर जिला प्रशासन और एसटीपीएल कम्पनी के खिलाफ नारेबाजी किये गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा प्लांट के रास्ते में धारा 144 लगाने की सूचना पर किसानों ने भी अपने धरना स्थल पर धारा 288 का बैनर लगा दिया गया है। किसानों का कहना है की प्रशासन हम पर गोली भी चलवा देगी तो हम लोग अपनी मांग पूरी हुए वगैर यहां से हटने वाले नहीं है। गेट के पास खड़े किसान रामप्रवेश यादव ने कहा की कंपनी ने हमलोगो को  नंगा कर दिया है। कम्पनी हमारा 1058 एकड़ जमीन ले लिया उसके बाद उसका उचित मुआवजा नहीं दिया। जो मुआवजा दिया भी गया उसमे लंबा चौड़ा घोटाला भ्रष्टाचार किया गया। आरएनआर पॉलिसी का जो पैसा है जो किसानो और किसानो के खेत में काम करने वाले मजदूरों को मिलने वाला है।उसको अभी तक नहीं दिया उसके लिए तारीख पर तारीख दिया जा रहा है।

1988 भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने किया था धारा 288 का इस्तेमाल ज्ञात हो की प्रशासन द्वारा मुख्य सड़क से प्लांट पर जाने वाले रास्ते पर धारा 144 लगाने की सूचना जैसे किसानों को मिला उन लोगों द्वारा धरना स्थल के पास धारा 288 लागू है का बैनर लगा दिया। बता दे की पहली बार इसे 1988 भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने इस्तेमाल किया था। उसके 32 साल बाद दिल्ली के पास किसान आंदोलन के समय राकेश टिकैत ने इस्तेमाल किया था। अब चौसा के किसानो द्वारा इसका उपयोग किया जा रहा है। इसे जिला प्रशासन के धारा 144 का काट बताते हुए 288 लगा जिला प्रशासन और अपनी धरना के बीच में लकीर खींचने की बात कहा गया है।


गंगा किनारे मांगलिक कार्य के दौरान गए दो लोग और एक बच्ची पानी में डूबे 

बक्सर - तिलक राय के हाता ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय गंगा घाट पर नहाने के दौरान डूबने से दो की मौत हो गई। जबकि तीसरी बच्ची को उनकी घर की महिलाओं द्वारा बचा लिया गया।  सभी एक ही परिवार के है तथा घर में लड़के की शादी के बाद ककन छुड़ाने की रस्म के तहत परिवार की महिलाओं के साथ तिलक राय के हाता गंगा घाट गई थी।घटना के सम्बन्ध में स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे के आसपास बड़का राजपुर नई बस्ती के त्रिलोकी बिंद के लड़के के गवना की बारात लौट कर आई थी। गुरुवार की शाम घर की महिलाएं तथा कुछ बच्चियां ककन छुड़ाने का रस्म पूरा करने के लिए तिलक राय के हाता गंगा घाट गई थी। इसी दौरान गंगा में स्नान करने लगी और गहरे पानी  गयी जिससे ये घटना हो गयी।  मृतकों में तिलक राय के हाता ओपी थाना क्षेत्र के स्थानीय बड़का राजपुर नई बस्ती के पुरुषोत्तम बिंद की 18 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और भरियार ओपी थाना क्षेत्र के अरक गांव के हरिमोहन चौधरी की 16 वर्षीय पुत्री रागिनी कुमारी शामिल हैं। जबकि बड़का राजपुर नई बस्ती के त्रिलोकी बिंद की 14 वर्षीय पुत्री धनमुन कुमारी को बचा लिया गया है, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने तथा शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार नहाने के क्रम में ही रागिनी, सोनी और धनमून गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उन्हें डूबता देख साथ ही महिलाओं ने बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक रागिनी और सोनी उनकी आंखों से ओझल हो गई थी, जबकि धनमुन को महिलाओं ने किसी तरह बचा लिया। हालांकि थोड़ी देर बाद पानी में डूबी रागिनी और सोनी को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में मातमी सन्नाटा पसर गया। अभी चंद घंटे पहले जो चेहरे हंसी ठिठोली कर रहे थे, वे चीखने चिल्लाने लगे थे। घटनास्थल पर देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों के भीड़ उमड़ गई थी। परिजनों के क्रंदन चीत्कार से गंगा घाट से लेकर बड़का राजपुर नई बस्ती तक का माहौल गमगीन हो गया था।तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष लालबाबू सिंह ने बताया की गंगा में नहाने के दौरान दो किशोरियों की मौत हुई है, जबकि एक को बचा लिया गया है। दोनों शवों को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पीड़ित पक्ष को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा।

जिला नियोजनालय में 16 मार्च को एकदिवसीय रोजगार शिविर का होगा आयोजन

बक्सर - जिला नियोजनालय की ओर से 16 मार्च को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त श्रम भवन के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में युवा अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र लेकर पहुंच सकते है। यहां पर कुल 50 युवाओं का चयनित किया जायेगा।

जिला नियोजन पदाधिकारी अनीश तिवारी से मिली जानकारी के सिन्नोया गियर्स एंड ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से जॉब ऑफर किया जा रहा है। इसमें भागा लेने के लिए उम्र सीमा 18-40 साल है। 10th, 12th, आईटीआई और डिप्लोमा आदि करने वाले युवकों को मशीन ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किया जाएगा। बता दे कि कंपनी की ओर से 14450-17000 प्रति महीना का वेतन और साथ में रहने खाने की सुविधा देने की बात कही गई है। वहीं कार्य स्थल गुजरात होगा। इच्छुक युवा 16 मार्च को जिला नियोजनालय में सुबह 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों को लेकर जा सकते है। इसके अलावा कार्य स्थल पर ही एनसीएस पर निशुल्क निबंधन किया जाएगा


नगर परिषद के नए कार्यपालक पदाधिकारी को पहला दिन पडा भारी, नप बोर्ड के सदस्य नाराज

बक्सर - नगर परिषद के नए कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार का पहला दिन काफी यादगार रहा। वे कार्यालय पहुंचे और सीधे सैरातों की बंदोबस्ती की बैठक में शामिल हुए। लेकिन, उनकी इस पहल की वजह से नप बोर्ड के सदस्य नाराज हो गए। उनका कहना था, आप कार्यालय आए और कौन हैं, कहां से आए हैं। कब योगदान किया। यह किसी को पता ही नहीं चला और आप कार्यपालक पदाधिकारी की कुर्सी पर आ जमे।अगर सैरात की बंदोबस्ती होनी थी तो इसकी सूचना आप मुख्य पार्षद को देते, बोर्ड के सदस्यों से बात होती। सीधे-सीधे पूरी बोर्ड की अनदेखी कर आप कुर्सी पर जम गए। इस हंगामे का वीडियो भी सामने आया है। इस संबंध में जब कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार से पूछा गया तो उन्होंने ऐसी किसी बात से इनकार कर दिया। सैरातों की बंदोबस्ती के बारे में पूछने पर उन्होंने यह जरूर कहा, नियमों की अनदेखी नहीं हुई है। इस हंगामे के दौरान मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि नियमतुल्ला फरीदी, पार्षद बबन सिंह, चक्रवर्ती चौधरी, दीपक सिंह व नप के कर्मी भी वहां मौजूद थे।

Share To:

Post A Comment: